मौसम अलर्ट के चलते एक सप्ताह तक सभी विभागीय बैठकें, शिविर एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग स्थगित
रविवार को नवीन कलक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों का फील्ड में सक्रिय रहना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में विभागवार आपदा प्रबंधन की तैयारियों, संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की स्थिति, राहत एवं बचाव दलों की उपलब्धता, जेसीबी, पोकलैंड, डंपर सहित आवश्यक मशीनरी, मानवबल तथा अन्य संसाधनों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाएं निर्बाध बनाए रखने तथा किसी भी व्यवधान की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर गठित आईआरएस तथा आईआरटी/क्यूआरटी में नामित अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित एवं जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता बनाए रखें।