थानाध्यक्ष लमगड़ा ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जलना में चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान
साइबर ठगी से बचाव, MRM, GRM, महिला सुरक्षा, नए कानून व हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक* द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जलना (अल्मोड़ा) में छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ के लिए एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
थानाध्यक्ष द्वारा छात्राओं को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के लगातार बदलते तरीकों से अवगत कराते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई। किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित पुलिस थाना से संपर्क करें, जिससे MRM (Money Restoration Module) के माध्यम से समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके। इसके अतिरिक्त GRM (Grievance Redressal module) पोर्टल की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को नवीन आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्हें जागरूक नागरिक बनने तथा प्राप्त जानकारियों को अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।
थानाध्यक्ष श्री प्रमोद पाठक ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए छात्राओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर अध्ययन करने, अच्छी पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं बड़ों का सम्मान करने तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का भी आह्वान किया।
इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपदा हेल्पलाइन-1070, डायल-112, मानस हेल्पलाइन-1933 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 की उपयोगिता से अवगत कराया गया और आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने की अपील की गई।