ग्राम धरमोली, विकासखण्ड रामगढ़ में वन पंचायत के आगामी 5 वर्षीय माइक्रोप्लान के गठन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन
जनपद नैनीताल के ग्राम धरमोली, विकासखण्ड रामगढ़ में वन पंचायत के आगामी 5 वर्षीय माइक्रोप्लान के गठन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में वन पंचायत के सरपंच, प्रबंधन समिति के पंचों एवं ग्राम के विभिन्न हितधारकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग करते हुए वन पंचायत के प्राकृतिक संसाधनों, स्थानीय आवश्यकताओं एवं आगामी पाँच वर्षों की विकास प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर Pelag Foundation की ओर से विषय विशेषज्ञ सुश्री तरन्नुम एवं श्री सुयाल जी ने बैठक में प्रतिभाग करते हुए वन पंचायत के वैज्ञानिक एवं सहभागी (Participatory) 5 वर्षीय माइक्रोप्लान के निर्माण के संबंध में प्रारम्भिक सर्वेक्षण (Baseline Survey) एवं प्रारम्भिक विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान उत्तराखण्ड वन पंचायत नियमावली-2026 (प्रारूप) के प्रमुख प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने वन पंचायतों के अधिकारों, दायित्वों, माइक्रोप्लान की उपयोगिता तथा स्थानीय समुदाय की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
यह निर्णय लिया गया कि अगली बैठक में वन पंचायत क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों, जैव विविधता, जल स्रोतों (नौला-धारा), वनाग्नि प्रबंधन, चारागाह विकास, आजीविका संवर्धन एवं संरक्षण संबंधी प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए वन पंचायत के 5 वर्षीय माइक्रोप्लान के निर्माण हेतु आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
Pelag Foundation का मानना है कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से तैयार किया गया माइक्रोप्लान वन पंचायतों को अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।