कांग्रेस के पास न संगठन बचा है और न विकास की सोच, अल्मोड़ा की छह सीटों पर नहीं खुलेगा खाता-बिट्टू कर्नाटक
अल्मोड़ा-पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास अब न तो मजबूत संगठन बचा है और न ही विकास को लेकर कोई ठोस सोच। जनता कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली को समझ चुकी है। आगामी विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।कर्नाटक ने दावा किया कि इस बार अल्मोड़ा जिले की छह विधानसभा सीटों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल लगातार मजबूत हो रहा है और जनता विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा को दोबारा सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है।सोमेश्वर विधानसभा का जिक्र करते हुए बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की सक्रियता और मजबूत जनाधार से कांग्रेस इतनी भयभीत है कि उसे चुनाव लड़ाने के लिए पैराशूट प्रत्याशी उतारने की तैयारी करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि कांग्रेस को अपने पुराने और स्थानीय दिग्गज नेताओं पर भी भरोसा नहीं रह गया है। जब किसी पार्टी को अपने ही नेताओं पर विश्वास नहीं होता, तो उसे बाहरी चेहरों का सहारा लेना पड़ता है।अल्मोड़ा विधानसभा के कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए कर्नाटक ने लोधिया स्थित फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि करीब 14 वर्ष पूर्व युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य के सपने दिखाते हुए सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की लागत से फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का भवन तो तैयार कर दिया गया, लेकिन इसके संचालन को लेकर कोई प्रभावी प्रयास नहीं किए गए।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि वास्तव में युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर होते तो इतने वर्षों में संस्थान का संचालन शुरू हो चुका होता। करोड़ों रुपये की लागत से भवन खड़ा कर देना ही विकास नहीं है, बल्कि उसका लाभ आम जनता और युवाओं तक पहुंचना भी जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक का उद्देश्य केवल करोड़ों रुपये की बिल्डिंग तैयार करने तक सीमित रहा और युवाओं के भविष्य की उन्हें कोई चिंता नहीं रही।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को उसके कार्यों का जवाब देगी और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी।प्रेस वार्ता के दौरान बिट्टू कर्नाटक के तेवरों और अल्मोड़ा विधानसभा के स्थानीय मुद्दों पर उनकी मुखरता ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। जिस तरह उन्होंने कांग्रेस विधायक के कार्यकाल, युवाओं के भविष्य और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से सवाल उठाए, उससे साफ संकेत मिले कि वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अल्मोड़ा की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर गंभीर हैं। भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने और क्षेत्रीय मुद्दों पर लगातार मुखर रहने वाले कर्नाटक की इस सक्रियता को अल्मोड़ा विधानसभा से भाजपा की संभावित दावेदारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपनी चुनावी दावेदारी को लेकर कोई सीधा ऐलान नहीं किया, लेकिन जिस आक्रामक अंदाज में उन्होंने कांग्रेस विधायक को घेरा, उससे यह संदेश जरूर गया कि आने वाले चुनाव में अल्मोड़ा की सियासत में उनकी भूमिका अहम हो सकती है। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, भाजपा नगर महामंत्री देवेन्द्र भट्ट, देवेन्द्र कर्नाटक, रमेश जोशी,ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि भूपेन्द्र भोज, भाजयुमो ब्लाक अध्यक्ष अमित मेहता,ग्राम प्रधान गौरव कांडपाल, हेम जोशी, प्रकाश मेहता आदि लोग उपस्थित रहे।