Shakti Samachar Online

गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित


अल्मोड़ा, जनपद में 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों के आयोजन एवं संबंधित विभागों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में प्रातः 8 बजे महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के जीवन-संघर्ष, देश सेवा तथा उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण का संदेश दिया जाएगा।

विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि तथा दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताओं एवं गोष्ठियों के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सादा जीवन, उच्च विचार, नैतिकता, भाईचारे एवं सर्वधर्म समभाव जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस के तहत साक्षरता को बढ़ावा देने, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा सामाजिक भेदभाव एवं दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। सार्वजनिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता से सामाजिक समरसता, सद्भाव और सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा लघु, कुटीर एवं खादी ग्रामोद्योगों के महत्व से जनसामान्य को अवगत कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!