Shakti Samachar Online

52 सीढ़ी मार्ग पर गेट को लेकर मेयर अजय वर्मा का बयान,बोले-जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं


अल्मोड़ा- नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने 52 सीढ़ी के पास लगाए गए गेट को लेकर प्रेस को जारी बयान में स्पष्ट किया कि यह गेट स्थानीय जनता के आग्रह पर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने गेट का निर्माण कराया है।
मेयर अजय वर्मा ने बताया कि 52 सीढ़ी मार्ग में सरस्वती शिशु मंदिर, विवेकानंद तथा एडम्स सहित कई विद्यालय स्थित हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग पर गेट लगाने की पुरजोर मांग की जा रही थी, जिसके बाद नगर निगम ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही से कभी भी दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में नहीं डाला जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य किसी की सुविधा प्रभावित करना नहीं, बल्कि संवेदनशील मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
मेयर ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा विरोध की राजनीति के चलते गेट का विरोध किया जा रहा है, लेकिन नगर निगम ऐसे किसी दबाव में नहीं आएगा। जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा से बढ़कर नगर निगम के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि मार्ग की हालत अनेक जगहों पर अति संकीर्ण है जिस कारण स्कूली रास्ते पर दो पहिया वाहन चलाना खतरनाक साबित हो सकता है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों का संचालन संभव नहीं है और बच्चों व स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए गेट को हटाने का कोई सवाल नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष भावना के दृष्टिगत जो जनप्रतिनिधि मार्ग खोलने की मांग कर रहे हैं वे सभी व्यक्तिगत रूप से नगर निगम को लिखकर दे कि मार्ग खोलने के बाद यदि कोई दुर्घटना होती है तो उस दुर्घटना की एवं दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति के इलाज की समस्त जिम्मेदारी उन जन प्रतिनिधियों की होगी। यदि उक्त जनप्रतिनिधि जनहित में ये जिम्मेदारी लिखित रूप में देकर उठाने के लिए तैयार हैं तो मार्ग खोलने पर नगर निगम विचार करेगी।

error: Content is protected !!