Shakti Samachar Online

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत जनपद के 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जाएगी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

Almora=सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को विकास भवन में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनपद के सभी 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ उनका सम्मान भी किया जाएगा। इस दौरान पोषण आहार एवं टेक होम राशन वितरण, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा बच्चों की वृद्धि निगरानी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, बच्चों एवं बालिकाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के माध्यम से बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसके उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्रों में गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!