Shakti Samachar Online

जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने आपदा में अब तक तीन लोगों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की

अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मकानों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है तथा अनेक परिवार खतरे की आशंका के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन क्षेत्रों में भूस्खलन, मकानों के क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य आपदा का खतरा बना हुआ है, वहां रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाए। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल राहत और उचित मुआवजा मिलना चाहिए। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें सरकार द्वारा शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा जिन लोगों के मकान और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, उनका सही आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए।
भूपेंद्र सिंह भोज ने प्रशासन से अपील की कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा इस कठिन समय में आपदा प्रभावित सभी परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

error: Content is protected !!