Shakti Samachar Online

युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को करेगी साकार: रेखा आर्या

सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद में युवा हुए शामिल, कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

सोमेश्वर (अल्मोड़ा) सोमेश्वर में रविवार को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या तथा उपस्थित युवाओं ने कारगिल और अन्य युद्धों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और त्याग को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके उपरांत सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

युवा संवाद को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामर्थ्य से ही साकार होगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं का कल्याण केंद्र और प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध करा चुकी है तथा आने वाले महीनों में यह संख्या और बढ़ेगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख ताकुला राजेंद्र कैड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!