Shakti Samachar Online

किशन चंद्र गुरुरानी के निधन से कृषि इंटर कॉलेज विजयपुर पाटिया में शोक की लहर

अल्मोड़ा, 8 अक्टूबर। कृषि इंटर कॉलेज विजयपुर पाटिया की प्रबंध समिति के कार्यकारिणी सदस्य, सरल, सौम्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व स्वर्गीय किशन चंद्र गुरुरानी के आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन पर विद्यालय में शोकसभा आयोजित कर प्रधानाचार्य सहित समस्त विद्यालय परिवार ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन सिंह बिष्ट ने स्वर्गीय किशन चंद्र गुरुरानी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि विद्यालय के प्रति उनका समर्पण और आत्मीय लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने विद्यालय के हित, विद्यार्थियों के कल्याण तथा शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर सहयोग एवं सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रधानाचार्य ने कहा कि किशन चंद्र गुरुरानी विद्यालय परिवार के लिए केवल प्रबंध समिति के सदस्य नहीं, बल्कि एक आत्मीय शुभचिंतक और मार्गदर्शक के रूप में सदैव साथ खड़े रहे। विद्यालय की उन्नति और विद्यार्थियों के हित से जुड़े प्रत्येक विषय में उनका विशेष लगाव रहता था। उनके सहज, सरल और सहयोगी व्यवहार ने विद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य के मन में विशेष स्थान बनाया था।

उनके आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार अत्यंत व्यथित है। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने कहा कि स्वर्गीय किशन चंद्र गुरुरानी का विद्यालय के प्रति समर्पण, समाजहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा जनसेवा में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन विद्यालय परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

शोकसभा में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर सुभाष चंद्र, हेमा चन्याल, गीता आर्या, माया जोशी, जमीमा मैसी, शालिनी गौतम , अंजना वर्मा, सुभाष टम्टा, देवेंद्र जीना, किरन भाकुनी, पुष्पा हर्बोला, बाबू राम, नीरज तिवाड़ी, संदीप सिंह बिष्ट, रतन सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!