Shakti Samachar Online

उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत श्रीकोट मांझली गांव में विद्यार्थियों ने किया विस्तृत गृह सर्वेक्षण

भिकियासैंण, अल्मोड़ा। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय, भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की उन्नत भारत अभियान (UBA) समिति द्वारा दिनांक 21 अगस्त 2026 को महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए श्रीकोट मांझली गांव में विस्तृत गृह सर्वेक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वेक्षण का उद्देश्य गांव की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं आधारभूत स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित कर ग्रामीण समुदाय की वास्तविक आवश्यकताओं को समझना रहा।
सर्वेक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं एवं UBA समिति के सदस्यों ने गांव के प्रत्येक घर में जाकर विस्तृत घरेलू सर्वेक्षण (Household Survey) किया। विद्यार्थियों ने उन्नत भारत अभियान द्वारा निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्रित कीं तथा निर्धारित प्रपत्रों को भरने का कार्य किया। इस दौरान परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, शैक्षिक स्तर, रोजगार, आजीविका, पलायन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत आवश्यकताओं से संबंधित जानकारी संकलित की गई।
सर्वेक्षण के माध्यम से गांव में उपलब्ध शैक्षिक एवं स्वास्थ्य सुविधाओं, विद्यालयों की संख्या, प्राथमिक चिकित्सा की उपलब्धता, ग्रामीणों की शैक्षिक स्थिति तथा पलायन की स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी जुटाई गईं। इस विस्तृत गृह सर्वेक्षण से गांव की वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति का एक समग्र आधार तैयार करने में सहायता मिलेगी, जिसका उपयोग भविष्य में ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों के प्रभावी नियोजन और क्रियान्वयन में किया जा सकेगा।
सर्वेक्षण के दौरान UBA समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को समझने का प्रयास किया। साथ ही ग्रामीणों को उन्नत भारत अभियान के उद्देश्यों तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं और गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रामीणों ने सर्वेक्षण कार्य में उत्साहपूर्वक सहयोग किया तथा विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। महाविद्यालय की UBA समिति ने ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समिति के अनुसार, इस प्रकार का विस्तृत गृह सर्वेक्षण उन्नत भारत अभियान की भावना के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों और आवश्यकताओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर आवश्यकता-आधारित विकास गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने में सहायता मिलेगी।
सर्वेक्षण कार्यक्रम में उन्नत भारत अभियान की संयोजक डॉ. इंदिरा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भौतिक विज्ञान, समिति सदस्य डॉ. परितोष उप्रेती, असिस्टेंट प्रोफेसर, भूगोल, श्रीकोट मांझली के ग्रामीणों तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।
error: Content is protected !!