बालिकाओं एवं महिलाओं को ऐसे प्रशिक्षण प्रदान किए जाएं जो उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित कर सकें-मुख्य विकास अधिकारी
अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में गुरुवार को (बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ) जिला टास्क फोर्स की बैठक मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विगत वित्तीय वर्ष में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बालिकाओं एवं महिलाओं को ऐसे प्रशिक्षण प्रदान किए जाएं जो उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित कर सकें। उन्होंने सिलाई, ब्यूटी पार्लर, नर्सरी प्रशिक्षण, पिरूल एवं अन्य हस्तशिल्प निर्माण, मशरूम उत्पादन, कंप्यूटर कोर्स तथा मोबाइल रिपेयरिंग जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं एवं महिलाओं को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना तथा ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में कौशल विकास कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए तथा प्रशिक्षण के उपरांत ई-मार्केटिंग का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रशिक्षित महिलाएं अपने उत्पादों और सेवाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकें। उन्होंने पुलिस विभाग को बालिकाओं के लिए नियमित रूप से सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बालिकाओं और युवतियों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता अभियान चलाने तथा नियमित काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूलों में प्रत्येक माह नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे बच्चों को समय रहते जागरूक किया जा सके।
बैठक में बाल विवाह तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्पीड़न की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पोस्टर, सोशल मीडिया, वीडियो संदेशों तथा ग्राम एवं नगर स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही ऐसे अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद , जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित महिला पुलिस अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।