गोलू देव और हरज्यू देव की लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान : रेखा आर्या
सोमेश्वर/अल्मोड़ा, ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या शामिल हुईं। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी सहभागिता कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक अनुष्ठान हमारी सांस्कृतिक पहचान और आस्था के मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव की परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि समाज को सत्य, न्याय और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। इन परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारी लोक परंपराएं सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त बनाने का कार्य करती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने आयोजन समिति, ग्रामवासियों एवं क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे तथा प्रदेश निरंतर विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे।
इस अवसर पर स्याही देवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।