Shakti Samachar Online

साइबर अपराधियों से रहें सतर्क, अल्मोड़ा पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक

एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, डिजिटल अरेस्ट सहित ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की दी जानकारी*

Almora-चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद अल्मोड़ा में पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को सुरक्षा, कानून एवं साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर रही हैं।

इसी क्रम में दिनांक 27.07.2026 को *सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी साइबर सेल अल्मोड़ा के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक मुदित वर्मा, कांस्टेबल सौरभ ग्वासाकोटी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

छात्राओं व स्कूली स्टाफ को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP एवं बैंकिंग जानकारी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी लोन ऐप, ऑनलाइन इनाम, निवेश एवं पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली साइबर ठगी जैसे अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया।
छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा OTP संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें तथा साइबर ठगी की स्थिति में बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें।
साथ ही MRM (Money Restoration Module) के माध्यम से साइबर ठगी की स्थिति में त्वरित वित्तीय सहायता एवं धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। छात्राओं से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकें।

error: Content is protected !!