Shakti Samachar Online

जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्बाध रूप से संचालित-जिलाधिकारी

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने आज जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सभी के सहयोग से निर्बाध रूप से संचालित है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अफसरों ने घर घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया तथा मतदाताओं ने सहयोग करते हुए अपने भरे हुए प्रपत्रों को बूथ लेवल अफसरों को सौंपा। जिलाधिकारी ने बताया कि जितने भी भरे हुए प्रपत्र प्राप्त हुए उनका शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने बताया कि समूचे जनपद की विधानसभाओं के अंतर्गत कुल 527424 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से कुल 57548 गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए गए लेकिन 10.91 प्रतिशत मतदाताओं के भरे हुए प्रपत्र बूथ लेवल अफसरों को प्राप्त नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। कहा कि ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन से पूर्व इन मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को कलेक्ट करने के लिए संबंधित बूथों में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को बैठकें करनी होगी तथा उन मतदाताओं के बारे में जानकारियां प्राप्त कर उनके गणना प्रपत्रों को जमा करने में सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होने से पूर्व ऐसा करने से मतदाता को नोटिस आदि की प्रक्रिया से नहीं जूझना पड़ेगा।

इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित बूथ पर बूथ लेवल एजेंट के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अनकलेक्ट गणना प्रपत्रों को कलेक्ट करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!