राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और एनएचसीएक्स पर कार्यशाला आयोजित
अल्मोड़ा, राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा में मंगलवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) और नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX) पर संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। उत्तराखंड में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की राज्य मिशन निदेशक रीना जोशी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तित्याल ने की।
कार्यशाला में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तराखंड की प्रबंधक प्रज्ञा पालीवाल ने स्वास्थ्य अभिलेखों के डिजिटलीकरण और एनएचसीएक्स के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा दावों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों में मिशन के क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। कार्यशाला में जनपद की मॉडल स्वास्थ्य संस्था के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
कार्यशाला में सभी स्वास्थ्य पेशेवरों का हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (HPR) में पंजीकरण शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही, ओपीडी पंजीकरण के लिए ‘स्कैन एंड शेयर’ सुविधा का उपयोग करने, मरीजों के स्वास्थ्य अभिलेखों को डिजिटल रूप में तैयार कर उनके आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते (ABHA) से जोड़ने और एनएचसीएक्स के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा दावों की प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य डिजिटल सुविधाओं के उपयोग से ओपीडी पंजीकरण, स्वास्थ्य अभिलेखों के प्रबंधन और बीमा दावों की प्रक्रिया को सरल बनाना था।
इस अवसर पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तराखंड की टीम से प्रज्ञा पालीवाल, अमृत पोखरियाल और अमन सिंह तथा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.सी. पुनेरा, डॉ. अनिल पांडे, डॉ. दीपक जोशी सहित अन्य चिकित्सक, नर्सिंग कर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।