क्वारब में बादल फटने की सूचना पूरी तरह भ्रामक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
अल्मोड़ा, सोशल मीडिया के माध्यम से क्वारब क्षेत्र में बादल फटने संबंधी सूचना प्रसारित की जा रही है, जो कि पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्र की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई है तथा क्वारब में बादल फटने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
जिला प्रशासन ने भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाली संबंधित सोशल मीडिया आईडी का संज्ञान लिया है। आपदा के संबंध में गलत एवं भ्रामक सूचना प्रसारित कर आमजन में अनावश्यक भय एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने के मामले में संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपदा अथवा मौसम संबंधी किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा अथवा प्रसारित न करें। केवल जिला प्रशासन, मौसम विभाग एवं अन्य अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
साथ ही सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की गई है कि संवेदनशील परिस्थितियों में अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने से बचें। भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।