Shakti Samachar Online

चिपको की विरासत और विचारों के प्रवाह को बनाए रखना समय की जरूरत : राजीव नयन बहुगुणा

अल्मोड़ा। चिपको आन्दोलन के वरिष्ठ नेता एवं प्रख्यात पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा ने आज अल्मोड़ा पहुंचकर वन आन्दोलन से जुड़े अपने पुराने साथियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड के ऐतिहासिक वन आन्दोलन और चिपको आन्दोलन की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए कहा कि इन आन्दोलनों के मूल महत्व, विचारों और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के बीच निरंतर प्रवाहित रखना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

मित्र भवन में आयोजित इस आत्मीय मिलन कार्यक्रम में वन आन्दोलन से जुड़े साथियों ने राजीव नयन बहुगुणा व रितिक तोमान आशु धिमान का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुराने आन्दोलनकारी दिनों की यादें साझा की गईं और उत्तराखण्ड के जंगलों, पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधनों तथा जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। तथा भविष्य मे पर्यावरण की चेतना को जन जन‌तक पहुचाने के लिये‌ कोई नीतिगत निर्णय लेने‌की आवश्यकता पर बल‌ दिया ।

राजीव नयन बहुगुणा ने कहा कि चिपको आन्दोलन केवल पेड़ों को बचाने का आन्दोलन नहीं था, बल्कि यह प्रकृति, समाज और मनुष्य के बीच संतुलित संबंध स्थापित करने की एक व्यापक वैचारिक पहल थी। इस आन्दोलन ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वन आन्दोलन से जुड़े विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उसके मूल उद्देश्यों को जीवित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने इस अवसर पर अपनी पुस्तक ‘काजल कोठा’ भी अपने साथियों को भेंट की। पुस्तक भेंट करने के साथ ही साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक आन्दोलनों के परस्पर संबंधों पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में रेवती बिष्ट, अधिवक्ता जगत रोतेला, पूरन चन्द्र तिवारी, दयाकृष्ण काण्डपाल, अजय मित्र बिष्ट तथा निधि बिष्ट सहित अनेक साथी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!