रक्षाबंधन पर ITBP कोसी में गूंजा भाईचारे और देशभक्ति का संदेश
अल्मोड़ा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एकल अभियान महिला विभाग, अल्मोड़ा द्वारा ITBP कोसी परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में समर्पित जवानों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस दौरान पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति की भावना से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम में एकल अभियान की कार्यकर्ताओं एवं आचार्यों ने ITBP के अधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। जवानों ने भी रक्षाबंधन के इस आत्मीय आयोजन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से सैनिकों और समाज के बीच भाईचारे, सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एकल अभियान की पांचों शिक्षाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के लिए अभियान द्वारा किए जा रहे कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में सेना की ओर से 2IC भानु प्रताप सिंह, DC जग मोहन, AC मदन सिंह भंडारी, दीपक नग्नयाल एवं आशा जी उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक प्रभाकर जी तथा एकल अभियान समिति के सदस्य सुमित गुप्ता जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त कुमाऊं भाग के भाग अभियान प्रमुख एवं अंचल अल्मोड़ा के पालक मोहन भट्ट जी, कुमाऊं भाग कार्यालय प्रमुख पिंकी चौहान जी, कार्यालय सहायक सरिता जी, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख पूजा जी, संच प्रशिक्षक आरती जी (हवालबाग), हेमा जी (स्यालीधार), दामिनी जी (दौलाघाट) सहित 33 आचार्य उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने सैनिकों के प्रति समाज के सम्मान और कृतज्ञता को अभिव्यक्त करने के साथ ही भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में समर्पित जवानों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करते हुए उन्हें यह अनुभूति कराना रहा कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।