Shakti Samachar Online

15 अगस्त एवं ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

अल्मोड़ा,जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में 09 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशनों, पार्कों सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शित किया जाएगा तथा विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः प्रभातफेरी निकाली जाएगी तथा इसके उपरांत सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला अधिकारी कार्यालय में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा 2026’ प्रत्येक नागरिक की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं नागरिकों से ध्वज संहिता का पालन करते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ तहसील एवं पंचायत स्तर पर भी सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!