Shakti Samachar Online

मतदान केंद्रों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

अल्मोड़ा, आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित समस्त नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां सुनियोजित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। इसके लिए प्रत्येक नोडल अधिकारी अपने आवंटित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसी के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी तैयारियां सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का समय रहते भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच पूर्व में ही कर ली जाए। जहां किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएं, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं एवं निर्वाचन कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, मतदान सामग्री, परिवहन व्यवस्था, संचार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन करते हुए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार कर ली जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने स्तर पर तैयारियों को समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नामित समस्त नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!