21 दिवसीय सॉफ्ट टॉयज निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
जिला उद्योग केन्द्र, अल्मोड़ा के सहयोग से Pelag Foundation द्वारा विकासखंड स्याल्दे के देघाट स्थित उप्रेती होमस्टे के हॉल में दिनांक 15 नवम्बर 2026 से 05 दिसम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले 21 दिवसीय सॉफ्ट टॉयज निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की 20 महिला प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन Pelag Foundation की मास्टर ट्रेनर श्रीमती अनीता टम्टा, ग्राम पंचायत गुगुती की ग्राम प्रधान श्रीमती कमला रावत, ग्राम पंचायत भरसोली की ग्राम प्रधान श्रीमती मेनाक्षी देवी तथा ग्राम पंचायत बसनाल की ग्राम प्रधान श्रीमती रजनी पपनै द्वारा किया गया।
इस अवसर पर Pelag Foundation की प्रतिनिधि रमा देवी ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिनों के दौरान महिलाओं को लगभग 50 प्रकार के सॉफ्ट टॉयज बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार एवं छोटे उद्यम स्थापित करने के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान बैंकिंग संस्थानों, जिला उद्योग केन्द्र (DIC), ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) तथा Rural Business Incubator (RBI) सहित संबंधित विभागों एवं संस्थानों के विशेषज्ञों के 5–6 विशेष सत्र आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इन सत्रों में प्रतिभागियों को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने, वित्तीय सहायता, उद्यम पंजीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सहायता एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त Pelag Foundation के विभिन्न रिसोर्स पर्सन्स द्वारा भी अलग-अलग दिनों में प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादन, पैकेजिंग एवं बाजार से जुड़ने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
Pelag Foundation का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्वरोजगार, स्थानीय उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और पलायन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।