लोक चेतना विकास समिति द्वारा 35 दिवसीय जूट बैग निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन
अल्मोड़ा, लोक चेतना विकास समिति, अल्मोड़ा द्वारा राष्ट्रीय जूट बोर्ड (National Jute Board), कोलकाता के सहयोग से जनपद अल्मोड़ा के हवालबाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम कसून में आयोजित 35 दिवसीय जूट बैग निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि महेश नायल (जिला पंचायत सदस्य) तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान सुन्दर सिंह मतियानी रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वरोजगार को भी बढ़ावा देते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय जूट बोर्ड के पैनल्ड प्रशिक्षक अभिनव बाजपेयी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को 35 दिनों तक जूट बैग निर्माण, सिलाई, डिजाइनिंग, फिनिशिंग, गुणवत्ता नियंत्रण तथा विपणन से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया, जिससे प्रतिभागियों में स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल का विकास हुआ।
इस अवसर पर लोक चेतना विकास समिति के सचिव आर. एस. बिष्ट ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास के माध्यम से आजीविका के नए अवसर सृजित करना तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने राष्ट्रीय जूट बोर्ड, कोलकाता का सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रोग्राम मैनेजर सुश्री श्रुति कुमारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जूट से विभिन्न प्रकार के बैग एवं उपयोगी उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, प्रशिक्षक, प्रशिक्षणार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्पन्न हुआ।