मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित “शुद्धीकरण” मामले में भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग
अल्मोड़ा, 31 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ‘गुड्डू’ ने हल्द्वानी में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के उपरांत कार्यक्रम स्थल पर कथित रूप से किए गए “शुद्धीकरण” को लेकर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इस संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर भाजपा नेताओं के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि दिनांक 8 अगस्त 2026 को जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित हुई थी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित रूप से “शुद्धीकरण” किए जाने की घटना ने प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।
भोज ने कहा कि देश के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद इस प्रकार का शुद्धीकरण किया जाना दलित एवं वंचित समाज के प्रति घोर अपमान और जातिगत भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। किसी व्यक्ति या समाज को उसकी जाति के आधार पर अपमानित करने अथवा सार्वजनिक रूप से भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का किसी को अधिकार नहीं है।
जिलाध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थना पत्र में नामित संबंधित भाजपा नेताओं एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के अंतर्गत तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और यदि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
भूपेंद्र सिंह भोज, तारा चंद्र जोशी,प्रकाश जोशी राधा बिष्ट, दीप डांगी, राजेंद्र बराकोटी, तारा चंद्र साह, आनंद सिंह बिष्ट, विनोद वैष्णव, हरी राम आर्य, अम्बी राम, किरन आर्य, जया जोशी, फैमिना खान, गीता मेहरा, पूरन रौतेला, विक्रम फर्तियाल, रविंद्र टम्टा,परितोष जोशी सेवादल,साहबूदीन, पार्सद मुकेश कुमार, वैभव पाण्डेय, दीपक कुमार, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, आँशु गोस्वामी, हेम सती, मनोज वर्मा, गोविन्द मेहरा, निर्मल रावत, जगदीश तिवारी, राहुल अधिकारी, बी के पाण्डेय, वकुल साह, आनंद बिष्ट, मनोज बिष्ट, कमल बिष्ट, सुरेंद्र आर्य, देवेंद्र धोनी, दानिश खान, राजेंद्र बिष्ट, दिनेश पिल्कवाल, राज चौहान, कार्तिक साह, राजेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे