Shakti Samachar Online

पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत हवालबाग में जागरूकता कार्यक्रम, 150 से अधिक कारीगरों ने किया प्रतिभाग

अल्मोड़ा, भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-डीएफओ हल्द्वानी द्वारा आज विकासखंड हवालबाग में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारीगरों को उत्पाद ब्रांडिंग, पैकेजिंग, डिजिटल मार्केटिंग एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी देकर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग करना था।

कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत टूलकिट वितरण, क्यूआर कोड के माध्यम से शिपिंग एवं ट्रैकिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग, वित्तीय साक्षरता, ऋण सुविधा, उद्यम पंजीकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कारीगरों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने तथा आधुनिक डिजाइन एवं गुणवत्ता मानकों को अपनाने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावसायिक उपयोग की भी जानकारी दी गई। कारीगरों को एआई टूल्स की सहायता से उत्पाद डिजाइन, डिजिटल कंटेंट तैयार करने तथा ग्राहकों की पसंद को समझने के तरीकों से अवगत कराया गया। इस दौरान 5 पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए मौके पर ही क्यूआर कोड भी जनरेट किए गए।

कार्यक्रम के अंत में संवादात्मक सत्र में कारीगरों की व्यवसाय पंजीकरण, सरकारी योजनाओं, ऋण, सब्सिडी, टूलकिट एवं एआई टूल्स से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम में एमएसएमई-डीएफओ हल्द्वानी के सहायक निदेशक विनोद कुमार, संदीप प्रियदर्शी, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिरुद्ध शाह, जिला उद्योग केंद्र, इंडिया पोस्ट ऑफिस, रूरल बिजनेस इन्क्यूबेटर एवं राज्य स्तरीय परियोजना प्रबंधन इकाई के प्रतिनिधियों सहित स्थानीय कारीगर एवं शिल्पकार उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!