Shakti Samachar Online

अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक ने हासिल की उल्लेखनीय प्रगति, वर्ष 2028 तक 80 शाखाओं का लक्ष्य

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 33वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक 25 सितम्बर 2026 को होटल शिखर, मालरोड, अल्मोड़ा में आयोजित हुई। बैठक में बैंक की आगामी योजनाओं, वित्तीय प्रगति एवं कार्यों की जानकारी दी गई। बैठक में बैंक के निदेशक मंडल, सामान्य निकाय के प्रतिनिधियों सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैंक के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. तिवारी ने निदेशक मंडल की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि बैंक का कारोबार 6,600 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। बैंक की कुल 1,694.45 करोड़ रुपये की धनराशि सरकारी प्रतिभूतियों में भारतीय रिजर्व बैंक के पास विनियोजित है तथा बैंक की निजी पूंजी 725.85 करोड़ रुपये हो गई है। बैंक द्वारा अपने कुल ऋण का लगभग 74.59 प्रतिशत प्राथमिकता क्षेत्र को वितरित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बैंक का कार्यक्षेत्र सम्पूर्ण उत्तराखंड है। 31 मार्च 2026 को बैंक की 65 शाखाएं कार्यरत थीं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में चार नई शाखाएं खोली गई हैं, जिससे शाखाओं की संख्या 69 हो गई है। शीघ्र ही कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियांवाला देहरादून, कनखल हरिद्वार और गोल मार्केट देहरादून में पांच नई शाखाएं खोली जाएंगी। इसके बाद उत्तराखंड में बैंक की कुल 74 शाखाएं हो जाएंगी। बैंक ने वर्ष 2028 तक 80 शाखाएं संचालित करने और 8,000 करोड़ रुपये का व्यवसाय करने का लक्ष्य रखा है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक का सकल लाभ 49.54 करोड़ रुपये रहा। बैंक प्रबंधन द्वारा अंशधारकों को 9 प्रतिशत की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया गया है। इसी वित्तीय वर्ष में बैंक द्वारा लगभग 400 करोड़ रुपये का अग्रिम आयकर जमा किया गया।
आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि बैंक द्वारा ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी, पीएफएमएस, IMPS, क्रेडिट एवं ECS/NACH जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैंक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) का प्रत्यक्ष सदस्य है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंक को मोबाइल बैंकिंग की अनुमति भी प्रदान की गई है। बैंक द्वारा वर्तमान में कर्मचारियों को मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा शीघ्र ही इसे ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैंक द्वारा वृक्षारोपण, साक्षरता अभियान, आपदा राहत कोष तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान सहित विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी सहयोग दिया जा रहा है।
बैठक में बैंक अध्यक्ष डा. वसुधा पन्त ने बैंक की प्रगति में सहयोग के लिए सदस्यों, अंशधारकों, ग्राहकों, उत्तराखंड शासन, प्रशासन, सहकारिता विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक, ऑडिट विभाग तथा बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बैंक के उपाध्यक्ष सदी राम आर्या सहित निदेशक मंडल के सदस्य, सामान्य निकाय के प्रतिनिधिगण तथा बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!