Shakti Samachar Online

अल्मोड़ा में सजेगा ताइक्वांडो का महाकुंभ, जिले भर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम,एक जुलाई से शुरू होगा पंजीकरण

अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से आगामी 5 जुलाई 2026 को रामलीला मंच, कर्नाटकखोला में अल्मोड़ा कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले से आने वाले खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर भी लगातार जारी है।आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता जिले के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अवसर प्रदान करेगी।प्रतियोगिता का संचालन हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में तैनात ताइक्वांडो कोच वंदना भण्डारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में पी-वी, सब-जूनियर,कैडेट एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।सभी वर्गों के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण एक जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।
ताइक्वांडो चैंपियनशिप के साथ-साथ क्रिकेट एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए भी प्रशिक्षण शिविरों में खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ फिटनेस और प्रतियोगिता की रणनीतियों का भी अभ्यास कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित अल्मोड़ा महापौर अजय वर्मा ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध होता है, उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में लगातार खेल गतिविधियों के बढ़ने से युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा विभिन्न खेलों से जुड़ रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का सिलसिला लगातार जारी रहा तो आने वाले समय में अल्मोड़ा के खिलाड़ी राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे। आयोजकों ने प्रदेशभर के खिलाड़ियों से समय पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

error: Content is protected !!