अपर जिलाधिकारी ने बाड़ेछीना के स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश
अल्मोड़ा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कार्मिकों की उपस्थिति, टीकाकरण व्यवस्था तथा अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं कार्मिकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि आपदा अलर्ट के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को अनुपस्थित चिकित्सकों व कार्मिकों का स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन आहरण से पूर्व अपने मंतव्य सहित अनुमति के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने केंद्र की आकस्मिक सेवाओं, ओपीडी एवं प्रसव पंजिकाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका तथा अन्य अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने, गुड्डा-गुड्डी चार्ट अद्यतन करने और विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में अस्पताल की भौतिक स्थिति सही पाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि केंद्र का कायाकल्प योजना के अंतर्गत जनपद में प्रथम स्थान पर चयन हुआ है।
उप स्वास्थ्य केंद्र में कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच के दौरान एक आईएलआर मशीन निष्क्रिय मिली। वैक्सीन स्टॉक पंजिका एवं संबंधित चार्ट भी अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर उन्होंने मशीन को क्रियाशील कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, वैक्सीन स्टॉक पंजिका प्राथमिकता से अद्यतन कर नियमित रूप से उसका रखरखाव करने तथा कोल्ड चेन एवं वीएचएनडी चार्ट सात दिन के भीतर अद्यतन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पात्र आयुवर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए नियमित प्रयास करने को भी निर्देशित किया। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए अनुपालन आख्या 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।