निर्वाचक नामावली की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान
अल्मोड़ा, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य गतिमान है। निर्वाचक नामावली की शुद्धता सुनिश्चित करने एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए 20 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली की गहनता से जांच करते हुए त्रुटियों को चिह्नित किया जा रहा है। चिह्नित त्रुटियों के सुधार के लिए संबंधित मतदाताओं से फॉर्म-8 भरवाकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, किसी मतदाता का नाम एक से अधिक बार अथवा एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज पाए जाने पर नियमानुसार फॉर्म-7 भरवाकर अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है। निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, नाम हटाने अथवा किसी प्रकार की त्रुटि में सुधार के लिए 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 में निहित प्रावधानों के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा किसी एक निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकरण का हकदार नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान निर्वाचक नामावली में अपने एवं अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ के पास आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने मतदाताओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की भी अपील की है।
निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा प्रत्येक बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त मतदाता https://voters.eci.gov.in एवं https://ceo.uk.gov.in पर भी निर्वाचक नामावली ऑनलाइन देख सकते हैं।