Shakti Samachar Online

कुमाऊँनी लोक संस्कृति के रंगों से सजा अंतर-विद्यालयीय युगल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन


Almora=अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल 2026 के तत्वावधान में गुरुवार, 18 जून 2026 को होटल शिखर, अल्मोड़ा में कुमाऊँनी लोकगीतों पर आधारित अंतर-विद्यालयीय युगल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कुमाऊँ की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर उपस्थित दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कैलाश शर्मा रहे। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अमरनाथ भट्ट, दिनेश पाण्डेय एवं डॉ. जे.सी. दुर्गापाल को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में ब्लूमिंग बड्स, सब जूनियर एवं सीनियर वर्गों के कुल 68 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक कुमाऊँनी वेशभूषा एवं लोकधुनों पर आधारित उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों तथा निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन सुश्री शगुन त्यागी, श्रीमती ममता वाणी एवं श्रीमती लता पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती मीता उपाध्याय, श्री गिरीश मल्होत्रा, डॉ. वसुधा पंत, मीनाक्षी पाठक, दीपक जोशी, भूषण पाण्डेय सहित ग्रीन हिल्स परिवार के अनेक सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. वसुधा पंत ने अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य, भाषा, कला और लोक संस्कृति किसी भी समाज की पहचान एवं उसकी सांस्कृतिक चेतना के आधार स्तंभ होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने तथा स्थानीय लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने आगामी अक्टूबर 2026 में आयोजित होने वाले अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल की औपचारिक घोषणा भी की तथा सभी साहित्यप्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं से उसमें सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन मीनाक्षी पाठक द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम

ब्लूमिंग बड्स वर्ग
प्रथम स्थान – कृतार्थ भावना अकादमी की चाहना साह एवं हर्षिता
द्वितीय स्थान – बोधि ट्री स्कूल की शिवांशी एवं भाव्या
तृतीय स्थान – शारदा पब्लिक स्कूल के आरांश एवं पृथ्वी साह
सब जूनियर वर्ग
प्रथम स्थान – बोधि ट्री स्कूल की वन्या जोशी एवं हिमांशी जोशी
द्वितीय स्थान – ग्रेस स्कूल के मयंक कुमार एवं मुस्कान
तृतीय स्थान – कृतार्थ भावना अकादमी की सौम्या एवं हर्षिता बैंकोटी
सीनियर वर्ग
प्रथम स्थान – ग्रेस स्कूल की हिमाक्षी एवं वैष्णवी
द्वितीय स्थान – जीजीआईसी की पलक एवं आयत
तृतीय स्थान – मिनर्वा रेज़ स्कूल की आरोही एवं दृष्टि
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजन की सफलता के लिए प्रतिभागी विद्यालयों, अभिभावकों, निर्णायकों, अतिथियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया। यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने में सफल रही, बल्कि कुमाऊँ की लोक-सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की दिशा में भी एक सार्थक पहल सिद्ध हुई।

error: Content is protected !!