Shakti Samachar Online

“खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत “खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” विषय पर भव्य एवं सफल आयोजन

सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत “खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” विषय पर एक भव्य एवं सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं My भारत, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य परिसर में खेल संस्कृति को सशक्त एवं सक्रिय बनाना तथा विद्यार्थियों के मध्य खेलों के प्रति जागरूकता, रुचि एवं उत्साह को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर राज्य स्तरीय हॉकी खिलाड़ी दीपक सिंह दिमोलिया युवा खेल आइकन के रूप में उपस्थित रहे एवं उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारत के माननीय प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए परिसर के समस्त खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने खेलों को केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए, उसे व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, टीम भावना तथा राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खेल जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं मानसिक दृढ़ता के विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

माननीय प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में “खेलो इंडिया” अभियान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल देश के प्रत्येक कोने—विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों—में छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने एवं उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि भारत के युवाओं में अपार खेल क्षमता निहित है, जिसे उचित मार्गदर्शन, संसाधनों एवं अवसरों के माध्यम से विकसित किया जा सकता है।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों के संदर्भ में देश के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत को वैश्विक खेल मंच पर अग्रणी स्थान दिलाने के लिए अभी से समर्पण, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए। इस दिशा में भारत सरकार द्वारा युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो0 प्रवीण सिंह बिष्ट, My भारत अल्मोड़ा के APS फ़रमूद अख़्तर, विश्वविद्यालय रा0से0यो0 समन्वयक डॉ0 देवेंद्र सिंह धामी, विश्वविद्यालय क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली, विभागाध्यक्ष कम्प्यूटर विज्ञान विभाग डॉ0 पारुल सक्सेना, डॉ0 मनोज कुमार बिष्ट, डॉ0 सुशील भट्ट, डॉ0 सुमित खुल्वे, डॉ0 अनामिका पंत, डॉ0 अर्पिता जोशी, डॉ0 पारस नेगी, डॉ0 रवीन्द्र नाथ पाठक, श्री अनूप सिंह बिष्ट, श्री कमल जोशी, श्री मनोज मेर एवं राहुल जोशी, सुरेंद्र धामी, कमल जोशी, नवीन धामी, आयुषी बिष्ट, विमला सहित 100 से अधिक स्वयंसेवीयों ने योगदान दिया एवं सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन My भारत की स्वयंसेवी कु0 दिव्या जोशी द्वारा किया।

error: Content is protected !!