Shakti Samachar Online

सोशल मीडिया आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की ताकत और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम बनेगा : सोमेश पांडे

सोशल मीडिया आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की ताकत और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम बनेगा : सोमेश पांडे

भाजपा अल्मोड़ा की जिला स्तरीय सोशल मीडिया बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया गया मार्गदर्शन, प्रभावी कंटेंट और जनसंवाद पर जोर

अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा की सोशल मीडिया की जिला स्तरीय बैठक आज भाजपा जिला कार्यालय, पातालदेवी में आयोजित हुई। बैठक में विधानसभा चुनाव प्रदेश सह प्रभारी सोशल मीडिया सोमेश पांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया की ताकत पहचानने, संगठन की विचारधारा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। मंच पर मुख्य वक्ता सोमेश पांडे, प्रदेश मीडिया सह संयोजक गांधार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोशल मीडिया जिला संयोजक कृपाल बिष्ट, सह संयोजक मदन सिंह बिष्ट एवं आईटी संयोजक गोविंद मठपाल उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया।

प्रदेश मीडिया सह संयोजक गांधार अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लोककल्याणकारी सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं जनहित में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया आज सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखने का सशक्त माध्यम बन चुका है। कार्यकर्ताओं को सकारात्मक, तथ्यपरक एवं प्रभावशाली सामग्री के माध्यम से संगठन की विचारधारा और सरकार के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्य वक्ता सोमेश पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया की ताकत को पहचानते हुए इसका अधिकतम उपयोग संगठन को मजबूत बनाने और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में करना होगा। उत्तराखंड में हुए विकास एवं सकारात्मक बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया एक प्रमुख हथियार बन सकता है।

उन्होंने कहा कि “चरैवेति-चरैवेति, चलते रहो, चलते रहो” हमारा मंत्र है। निरंतर सक्रियता, परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण ही कार्यकर्ताओं की पहचान है। हमें लगातार आगे बढ़ते हुए संगठन की रीति-नीति, विचारधारा एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

सोमेश पांडे ने कहा कि आज का युग कंटेंट का युग है। यदि हम प्रभावशाली, सकारात्मक एवं तथ्यपरक कंटेंट के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और संगठन के विचारों को जनता तक पहुंचाते हैं, तो सोशल मीडिया आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लाभार्थियों से संपर्क स्थापित कर उनके अनुभवों एवं सरकार की योजनाओं से मिले लाभ को संवाद के माध्यम से सामने लाने पर जोर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर पर होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाएं। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करें, ताकि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग, कंटेंट निर्माण, संवाद एवं संगठनात्मक गतिविधियों को डिजिटल मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में आशीष अधिकारी दिनेश जोशी मनीष जोशी, प्रदीप नगरकोटी, चंदन रावत , भुवन जोशी, गौरव कांडपाल, गोकुल सिंह कनवाल, पारस कांडपाल, दीक्षांत पवार,गुरमीत सिंह, भागवत सिंह आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।

error: Content is protected !!