अल्मोड़ा के कृष्णा कुमार का दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) के लिए चयन
अल्मोड़ा: हरिदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज के कक्षा 9 के छात्र और 77 यूके बटालियन एनसीसी के कैडेट कृष्णा कुमार ने दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) के लिए चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह उपलब्धि विद्यालय ही नहीं, पूरे अल्मोड़ा जिले के लिए ऐतिहासिक और गर्व का विषय है, क्योंकि कृष्णा जूनियर डिवीजन से चयनित होने वाले जिले के एकमात्र प्रतिभागी हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
कृष्णा की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के साथ ही विद्यालय की एएनओ सेकेंड ऑफिसर एनसीसी एवं प्रवक्ता श्रीमती हीरा टम्टा का मार्गदर्शन और अथक परिश्रम भी रहा है।
सीमित संसाधनों में बड़ी उड़ान
कृष्णा का परिवार सामान्य पृष्ठभूमि से है। उनके पिता दीप लाल कृषि कार्य एवं मजदूरी करते हैं, जबकि माता मती ज्योति देवी गृहणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कृष्णा ने अपनी लगन और कठिन परिश्रम से यह शानदार उपलब्धि हासिल की है, जो क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
योग में भी निपुण
पढ़ाई और एनसीसी के अलावा कृष्णा योग मुद्राओं, कुमाऊंनी लोक संगीत और भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुति के लिए भी जाने जाते हैं। वह इससे पहले राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में भी सफल प्रतिभाग कर चुके हैं। उनके योग गुरु विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र महरा हैं, जिनके मार्गदर्शन में वे निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
क्षेत्र भर से मिली बधाई
कृष्णा की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में प्रबंधक गिरीश पेटशाली, उप प्रबंधक भीम सिंह बगड़वाल, जिला पंचायत सदस्य ललित लटवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीवन भंडारी, ग्राम प्रधान आशीष कुमार,जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल,ग्राम प्रधान दीपा आर्या योग गुरु डॉ. गिरीश अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी हरीश सिंह रौतेला सहित अन्य शामिल हैं। सभी ने इसे क्षेत्र के लिए प्रथम और गौरवशाली उपलब्धि बताया है।