Shakti Samachar Online

स्टेशन में गुम हुआ 60 हजार रुपये का कीमती कैमरा और बैग ढूंढकर मालिक को सौंपा

बागेश्वर-पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा ‘मित्र पुलिस’ की अवधारणा को चरितार्थ करते हुए जन-सेवा और तत्परता की एक और शानदार मिसाल पेश की गई है। कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन क्षेत्र में खोया हुआ एक कीमती कैमरा और बैग सकुशल ढूंढकर उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया।
कल दिनांक 25/10/2026 को पीड़ित लक्ष्मण सिंह कोरंगा (पुत्र श्री भगवत सिंह कोरंगा, निवासी ग्राम शामा भनार, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर) द्वारा कोतवाली बागेश्वर में सूचना दी गई कि स्टेशन क्षेत्र में उनका एक काले रंग का बैग कहीं गुम हो गया है। उस बैग में लगभग 60,000 रुपये की कीमत का एक महंगा कैमरा और अन्य जरूरी सामान मौजूद था। कीमती कैमरा खो जाने के कारण पीड़ित बेहद परेशान और मायूस था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर के निर्देशन में तुरंत चीता मोबाइल टीम को कार्रवाई हेतु आदेशित किया गया। आज दिनांक 26/10/2026 को चीता मोबाइल में नियुक्त हेड कांस्टेबल (Hc) पूरन मठपाल और हेड कांस्टेबल (Hc) सुरेश आर्य द्वारा स्टेशन क्षेत्र और आस-पास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए। टीम द्वारा स्थानीय लोगों से पूछताछ व कड़ी खोजबीन करने के बाद उक्त बैग और कीमती कैमरे को सही-सलामत ढूंढ निकाला गया।

कोतवाली पुलिस टीम द्वारा आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद बैग और 60 हजार रुपये की लागत वाले कैमरे को वादी लक्ष्मण सिंह कोरंगा को सुरक्षित सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ कीमती कैमरा वापस पाकर वादी के मायूस चेहरे पर खुशी लौट आई। पीड़ित लक्ष्मण कोरंगा तथा स्थानीय जनता द्वारा बागेश्वर पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कोतवाली पुलिस का सहृदय आभार व धन्यवाद प्रकट किया गया।

error: Content is protected !!