Shakti Samachar Online

श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की ऐतिहासिक रामलीला के प्रथम दिवस भगवान श्रीराम एवं माता सीता के जन्म सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन

Almora-श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की ऐतिहासिक रामलीला के प्रथम दिवस भगवान श्रीराम एवं माता सीता के जन्म सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। रामलीला में रावण के अत्याचार, देवगणों की प्रार्थना, राम जन्म, सीता जन्म, दशरथ-विश्वामित्र संवाद, ताड़िका वध, सुबाहु एवं मारीच वध, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन तक की लीलाओं का मंचन हुआ। कलाकारों ने अपने अभिनय, संवाद अदायगी और गायन के माध्यम से दर्शकों को रामकथा के विभिन्न प्रसंगों से जोड़ा।

रामलीला के प्रथम दिवस मुख्य अतिथि के रूप में अल्मोड़ा के पूर्व पालिकाध्यक्ष श्री प्रकाश चन्द्र जोशी एवं पूर्व अर्बन कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष श्री आनंद सिंह बगड़वाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नर्सिंगबाड़ी वार्ड के पार्षद श्री रोहित कार्की, डुबकिया वार्ड की पार्षद श्रीमती अंजू बिष्ट तथा रामशिला वार्ड के पार्षद श्री नवीन आर्य शामिल रहे।

मंचन के दौरान रावण के अत्याचारों से परेशान देवताओं की प्रार्थना और भगवान विष्णु के श्रीराम के रूप में अवतार लेने के प्रसंग से रामलीला आगे बढ़ी। अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म और जनकपुरी में माता सीता के जन्म के दृश्यों ने वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र और राजा दशरथ के बीच संवाद का मंचन किया गया, जिसमें यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को साथ ले जाने का प्रसंग प्रस्तुत हुआ।

वन में भगवान श्रीराम द्वारा ताड़िका वध तथा यज्ञ में विघ्न डालने वाले सुबाहु और मारीच के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। अहिल्या उद्धार के दृश्य में भगवान श्रीराम की कृपा और भक्ति का संदेश प्रस्तुत हुआ। वहीं गौरी पूजन के प्रसंग में माता सीता की श्रद्धा और भक्ति को दर्शाया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों में संवाद, अभिनय और गायन का समन्वय देखने को मिला।

मुख्य अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने अपने संबोधन में रामलीला को अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है। रामलीला जैसी परंपराएं नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों, आयोजकों और सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसी सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व अर्बन कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल ने भी रामलीला के आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया।

रामलीला के सफल आयोजन में क्लब के सचिव विनीत बिष्ट त्रिभुवन गिरी,राजेंद्र तिवारी,हर्षवर्धन वर्मा, मीनाक्षी साह अग्रवाल, मीनाक्षी जोशी, ललित मोहन साह, मनोज साह, भारत गोस्वामी और कंचन बिष्ट ने संभाली विजय चौहान, कैलाश साह,अभय उप्रेती, मनिंकरण गुप्ता, मानस वाणी, पारस और रोहित साह हरेंद्र वर्मा, चंद्रशेखर कांडपाल और जगत मोहन जोशी,अभय साह, विनोद गिरी, मिश्रा जी,चंदन आर्या, गौरव तिवारी, विजय चौहान, पूजा थापा, आकांक्षा और नीलम भट्ट अजय साह, प्रकाश व्यवस्था में संजय साह, कमल वर्मा, प्रेम प्रकाश, सुंदर जनौटी,मंच संचालन प्रीति भट्ट, हिमांशु कांडपाल, मनोज जोशी, कैलाश साह, योगेश जोशी और अभय उप्रेती,अजय चौहान और दीवान बिष्ट दीक्षा साह, गीता तिवारी, सौम्या, प्रिया,ने संभाली।

श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की रामलीला अल्मोड़ा की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। क्लब परिवार ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से सपरिवार रामलीला में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने और इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में सहयोग देने की अपील की।

error: Content is protected !!