मेडिकल कॉलेज में रक्तदान दिवस पर 20 युवाओं व मेडिकल छात्रों ने किया रक्तदान, एसबीटीसी एवं ब्लड बैंक ने उपहार देकर किया सम्मानित
अल्मोड़ा।सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा के रक्तकेंद्र (ब्लड बैंक) में स्वैच्छिक रक्तदान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 20 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, अलाइड हेल्थ प्रोफेशनल विद्यार्थियों एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को राज्य रक्त संचरण परिषद (SBTC) एवं मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक की ओर से उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी. एस. तितियाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी. सी. पुनेरा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनिल पांडेय, वित्त नियंत्रक अमित त्रिपाठी एवं रक्तकेंद्र प्रभारी डॉ. आशीष जैन ने उपस्थित युवाओं व छात्र-छात्राओं को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें निरंतर रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ डी सी पुनेरा ने बताया कि ”स्वैच्छिक रक्तदाताओं के अमूल्य सहयोग से सितम्बर माह में मेडिसिन विभाग में भर्ती सर्पदंश से पीड़ित 42 वर्षीय महिला मरीज के लिए 30 यूनिट एफएफपी और 16 यूनिट प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए गए। इसी क्रम में, बाल रोग विभाग में गंभीर अवस्था में भर्ती सर्पदंश की शिकार 11 वर्षीय बालिका के लिए भी 8 यूनिट एफएफपी की समय पर व्यवस्था की गई।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने से बड़ा कोई पुनीत कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं और भावी चिकित्सकों द्वारा किया गया यह रक्तदान समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। एसबीटीसी और ब्लड बैंक द्वारा रक्तदाताओं को सम्मानित करने की यह पहल उनके निस्वार्थ सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है।
शिविर के सफल आयोजन व व्यवस्थाओं में हेम बहुगुणा, नीलम रावत, निशा धामी, शुभम पोखरियाल, पूजा गैड़ा एवं पवन टकोला आदि ने महत्वपूर्ण व सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर में रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत ही सुरक्षित रक्तदान कराया गया तथा सभी रक्तदाताओं को जलपान व उपहार स्वरूप स्कूल बैग प्रदान किए गए।