Shakti Samachar Online

खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियन ट्रॉफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित

Almora-सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड में खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियन ट्रॉफी समारोह में प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।

खेल मंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ ही युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। युवा देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित अवसर एवं प्रोत्साहन आवश्यक है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाते हैं। खेलों के प्रति समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव आया है तथा अभिभावक बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

खेल मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को परिणाम से निराश होने के बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ शिक्षा एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!