थानाध्यक्ष लमगड़ा ने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर नशा तस्करी, साइबर अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर बढ़ाई सतर्कता
दूरस्थ गांवों से लगातार थाना पहुंचकर सूचनाएं देने वाले ग्राम प्रहरियों को थानाध्यक्ष ने नकद पुरस्कार देकर किया पुरस्कृत
Almora- थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक द्वारा थाना क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष द्वारा ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं घटनाओं पर सतर्क निगाह रखें तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल थाना पुलिस एवं संबंधित बीट कर्मचारी तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
नशा तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि गांवों में नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के संबंध में सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नशामुक्त जनपद के मिशन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया। गांवों में अवैध रूप से उगाई गई भांग की खेती को स्वतः नष्ट करने तथा भविष्य में भांग की खेती न करने के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को पुलिस तक सूचना पहुंचाने के विभिन्न माध्यमों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल अथवा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही MRM/GRM पोर्टलों की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी ग्राम प्रहरियों को साइबर सुरक्षा शपथ दिलाते हुए अपने गांवों, परिजनों एवं रिश्तेदारों को भी जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिला अपराध की स्थिति में 1090 तथा बच्चों से संबंधित अपराध की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना/शिकायत की जा सकती है। इसके साथ ही डायल 112, थाना पुलिस, सीएम हेल्पलाइन एवं सिटीजन पोर्टल के माध्यम से भी पुलिस तक सूचना पहुंचाने के बारे में जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष लमगड़ा द्वारा थाना क्षेत्र के दूरस्थ गांवों से नियमित रूप से थाना उपस्थित होकर सूचनाएं उपलब्ध कराने एवं गांवों की महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर पुलिस के साथ साझा करने वाले ग्राम प्रहरियों के कार्य की सराहना की गई तथा उन्हें नकद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।