Shakti Samachar Online

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया का किया स्थलीय निरीक्षण,जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नए विद्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया पहुंचकर विद्यालय के कक्षा-कक्षों एवं भवन की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विद्यालय के जर्जर भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जानी चाहिए।

जिलाधिकारी ने प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता , लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालय के जर्जर भवनों को निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अंतर्गत ध्वस्त करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही विद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य कराया जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में आपदा मद के निर्धारित मानकों के अंतर्गत कराए जा सकने वाले कार्यों का आकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए। भवन से संबंधित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित न हो तथा विद्यालय परिसर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!