Shakti Samachar Online

भैंसियाछाना में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर यूकेडी का धरना-प्रदर्शन

भैंसियाछाना, भैंसियाछाना क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर आज उत्तराखंड क्रांति दल के नेतृत्व में विनय किरोला के नेतृत्व में भैंसियाछाना में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन में क्षेत्र की जनता ने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

धरने को संबोधित करते हुए विनय किरोला ने कहा कि भैंसियाछाना क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन आज भी लोगों को सामान्य उपचार से लेकर आकस्मिक चिकित्सा तक के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम की नियुक्ति, आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता, 24 घंटे आकस्मिक चिकित्सा सेवा, प्रसव पीड़ित महिलाओं के उपचार की समुचित व्यवस्था, एक्स-रे मशीन, पर्याप्त एंटी-वेनम तथा खून की जांच की सुविधा उपलब्ध कराया जाना बेहद आवश्यक है। क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए बाहर जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

विनय किरोला ने कहा कि “डॉक्टर दो, दवा दो—सेराघाट को हक दो” क्षेत्र की जनता की वास्तविक मांग है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए एक माह का समय दिया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो इसके बाद क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा तथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की मूल आवश्यकता है। भैंसियाछाना जैसे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए लगातार लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं सरकार से मांग की कि एक माह की समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

धरना-प्रदर्शन विनय किरोला के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने “सेराघाट का हक, सेराघाट में उपचार—हमारा अधिकार” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

जिला अध्यक्ष उत्तराखंड क्रांति दल दिनेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की जायज मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा और यदि प्रशासन द्वारा निर्धारित समय में सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो क्रमिक अनशन एवं उग्र आंदोलन के माध्यम से सरकार और प्रशासन पर आवश्यक दबाव बनाया जाएगा।
देर शाम पहुंचे प्रभारी चिकित्सक को धरना स्थल पर ज्ञापन सौंपा गया जिसमें उपरोक्त मांगों को एक माह में पूर्ण करने की माग की गई अन्यथा आगे आंदोलन कर सरकार को मजबूर कर उपरोक्त मांगों को पूरा कराया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में ,जिला अध्यक्ष यू के डी दिनेश जोशी,यू के डी नेता विनय किरौला,केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी,प्रधान भैसियाछाना रूपा मेहता,पूर्व प्रधान जगत सिंह वाणी,सुंदर मेहता,केसर सिंह मेहता,पूर्व प्रधान लिंगुड़ता वीरेंद्र सिंह,मोहन सिंह,दीवान सिंह,इंद्र सिंह,दीपा वर्मा,चन्द्रा मेहता,गणेश सिंह,आशीष भट्ट,कुंदन सिंह,संजय सिंह चम्याल,नीरज सिंह चम्याल,मोहन सिंह खड़ाई,हेम चंद्र पांडे,केसर सिंह बोरा,गणेश उलसाई,दीपक बिष्ट,पंकज पांडे,दीवान सिंह मेहता,अक्षय टम्टा,सुरेश कुमार,हयात सिंह,राजेंद्र प्रसाद,राजू पांडे,वीरेन्द्र बिष्ट,इन्द्र नेगी,राजू गेड़ा,जगत सिंह मेहता होशियार सिंह,कृपाल सिंह,देवेंद्र डसीला,तेज राम,राकेश सिंह रावत,मनोज नेगी,ललित नेगी,महिपाल सिंह,सुरेश सिंह आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।

error: Content is protected !!