Shakti Samachar Online

सीएमओ से मिली रेडक्रॉस सोसाइटी,जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की


अल्मोड़ा-भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा की एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरीश चंद्र पंत से शिष्टाचार भेंट कर जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों का विस्तार करने तथा भविष्य में संयुक्त रूप से विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ के समक्ष रक्तदान शिविरों के नियमित आयोजन, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रेडक्रॉस की भूमिका को और प्रभावी बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने सहित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे रखे।मुख्य चिकित्साधिकारी ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस के समन्वय से आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने भविष्य में सभी जनहितकारी अभियानों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने भी जनसेवा के क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए रेडक्रॉस निरंतर सक्रिय रहेगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जनहित से जुड़े अनेक विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।रेडक्रॉस के शिष्टमंडल में चेयरमैन आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ सचिव मनोज भंडारी मंटू,उपसचिव अभिषेक जोशी, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, डॉ जे सी दुर्गापाल,हरीश कनवाल,कृष्ण बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!