भैंसियाछाना में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, 161 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
अल्मोड़ा, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धनियाल (दशौं) में सोमवार को भैंसियाछाना विकासखंड के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में कुल 653 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 161 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनका सभी का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर में लगाए गए आधार पंजीकरण एवं संशोधन शिविर के माध्यम से 22 आधार कार्डों का पंजीकरण एवं संशोधन भी किया गया।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या ने प्रतिभाग करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिकाधिक सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया।
शिविर में 100 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें डॉ. नेहा नपलच्याल ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।