Shakti Samachar Online

राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, मजखाली का निरीक्षण कर हाईटेक शौचालय के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, मजखाली का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षण व्यवस्था, छात्र संख्या, विद्यालय भवनों की स्थिति तथा उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उदीयमान खिलाड़ी योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से भी बातचीत कर उन्हें समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए हाईटेक शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के भोजन के लिए शेड का निर्माण कराने तथा पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राएं व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में भोजन कर सकें।

विद्यालय के भवनों की स्थिति का निरीक्षण करने के दौरान जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त कक्षा भवनों के सुदृढ़ीकरण के लिए आपदा मद से तत्काल विस्तृत आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी फेंसिंग कराने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में शौचालयों का भी निरीक्षण किया तथा उनके नियमित रखरखाव के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, तहसीलदार दीपिका आर्या सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!