नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं-जिलाधिकारी
अल्मोड़ा, जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय समिति (एनकोर्ड) की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पुलिस, प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई के लिए एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया जाए। इस टीम में प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा नियमित छापेमारी की जाए तथा उसकी साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके अभिभावकों के साथ भी बैठकें आयोजित कर उन्हें जागरूक किया जाए, जिससे सामाजिक स्तर पर भी नशा मुक्ति अभियान को मजबूती मिल सके।
बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाहियों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए जनपद को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए गंभीरता से प्रयास करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।