Shakti Samachar Online

पर्यावरण दिवस पर विज्ञान और प्रकृति से रूबरू हुए एस आई कैन अकैडमी के नन्हे विद्यार्थी

चितई, अल्मोड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एस आई कैन अकैडमी, चितई के विद्यार्थियों का शिक्षिका लता कांडपाल के नेतृत्व में मानसखंड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर बच्चों ने विज्ञान, पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

विज्ञान केंद्र का भ्रमण बच्चों के लिए अत्यंत रोमांचक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। अधिकांश विद्यार्थियों ने पहली बार विज्ञान केंद्र का अवलोकन किया, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। विज्ञान केंद्र में प्रदर्शित वैज्ञानिक मॉडलों, नवाचारों एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों ने बच्चों को काफी प्रभावित किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मानसखंड विज्ञान केंद्र की डिप्टी प्रभारी डॉ. प्रियंका अधिकारी ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता एवं सतत विकास के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षिका लता कांडपाल ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को व्यवहारिक एवं अनुभवात्मक ज्ञान से भी जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को विज्ञान केंद्र का भ्रमण कराया गया ताकि उनमें वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।

इस शैक्षणिक यात्रा से विद्यार्थियों का ज्ञान, आत्मविश्वास एवं मनोबल बढ़ा है।

error: Content is protected !!