Shakti Samachar Online

अल्मोड़ा में जर्जर पेड़ों से बढ़ते खतरे पर सख्त रुख — त्वरित कार्रवाई की मांग

अल्मोड़ा।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) अल्मोड़ा से भेंट कर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं जोखिमपूर्ण पेड़ों की शीघ्र पहचान तथा निस्तारण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
हाल ही में हवालबाग क्षेत्र स्थित एक छात्रावास की छत पर विशाल पेड़ गिरने की घटना ने क्षेत्र में गंभीर चिंता उत्पन्न कर दी है। यद्यपि सौभाग्यवश कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु इस घटना ने वन विभाग की सतर्कता एवं समयबद्ध कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
राजीव गुरुरानी ने कहा—
“वन विभाग अपने सभी फॉरेस्टर एवं रेंजरों को तत्काल निर्देशित करे कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे सभी स्थानों का व्यापक सर्वेक्षण कर चिन्हांकन किया जाए, जहाँ जर्जर पेड़ों से मकानों, छात्रावासों, मंदिरों एवं सरकारी विद्यालयों को खतरा बना हुआ है। किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।”
उन्होंने हवालबाग छात्रावास पर गिरे पेड़ की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच की भी मांग की। साथ ही यह स्पष्ट किया कि जांच में यह तथ्य सामने लाया जाए कि पेड़ के कटान हेतु पूर्व में कोई आवेदन प्राप्त हुआ था या नहीं। यदि आवेदन के बावजूद कार्रवाई लंबित रही है अथवा संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सिद्ध होती है, तो इसे मानव जनित आपदा की श्रेणी में मानते हुए आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त, शहरी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर स्थित पेड़ों की नियमित लॉपिंग (छंटाई) सुनिश्चित करने तथा मंदिरों एवं विद्यालय परिसरों के समीप खड़े जर्जर पेड़ों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र निस्तारण की मांग भी की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद मोनू शाह, देवाशीष नेगी, ललित मेहता, दर्शन रावत, अभिषेक जोशी , चंदन बहुगुणा, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से स्पष्ट किया गया कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। वन विभाग से अपेक्षा की गई है कि वह त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

error: Content is protected !!