Shakti Samachar Online

राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूम धाम से मनाई गई

Almora-आज जिला कार्यालय अल्मोड़ा समेत जनपद भर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूम धाम से मनाई गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट एवं विकासभवन सहित सभी कार्यालयों में समस्त स्टाफ द्वारा दोनो महान विभूतियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने गांधी जी एवं शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा वक्ताओं ने अपने अपने विचार रखे। गांधीजी तथा शास्त्री जी के देश में किए गए योगदान को याद किया गया। श्री पांडेय ने गांधीजी एवं शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके विचारों एवं आदर्शों का पालन करते हुए उनके मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही उनको सच्ची एवं अच्छी श्रद्धांजलि होगी। गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गांधी मात्र एक व्यक्तित्व ही नहीं बल्कि एक विचारधारा है जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं तत्कालीन परिस्थितियों में बहुत अंतर है। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य को देखा जाए तो गांधी जी का अहिंसा और सत्य का मार्ग सर्वोपरि है। हमारा देश उनका हमेशा ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें भी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए देश हित में कार्य करने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने समस्त जनपदवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने भी गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज उनके सिद्धांतों की प्रासंगिकता और भी महत्वपूर्ण है। उनके आदर्शों का पालन करके ही हम उनको सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
इसके पश्चात भजन कीर्तन कर बापू के प्रिय भजनों को सामूहिक रूप से गाया गया। उपजिलाधिकारी संयज कुमार ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन अपर सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार ने किया।
इससे पूर्व गांधीजी एवं शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज नंदा देवी मंदिर परिसर से लेकर मुख्य बाजार से होते हुए चौघानपाटा तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिसमे गणमान्य व्यक्तियों, जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों से आए छात्र /छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने देशभक्ति गीतों, नारों एवं गाजे बाजे के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया। प्रभात फेरी का समापन चौघानपाटा में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इस दौरान मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, तहसीलदार सदर ज्योति धपवाल , डॉ विद्या कर्नाटक समेत अन्य अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!