Shakti Samachar Online

प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों के अंतर्गत विभिन्न चरणों में कार्य प्रारंभ

अल्मोड़ा, नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा सीमा विश्वकर्मा द्वारा जानकारी दी गई है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों के अंतर्गत विभिन्न चरणों में कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस क्रम में राज्य स्तर पर जनगणना से संबंधित गतिविधियों का संचालन निर्धारित समयावधि में किया जाएगा।

प्रथम चरण के अंतर्गत 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक प्रदेश में जनगणना से संबंधित प्रारंभिक कार्य किए जाएंगे। इस दौरान भवनों की सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसे नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर संपन्न किया जाएगा।

द्वितीय चरण में 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी संकलित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, नागरिकों की सुविधा हेतु स्व-गणना (Self Enumeration) की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

स्व-गणना के लिए नागरिकों को वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करना होगा, मोबाइल नंबर के माध्यम से OTP सत्यापन करना होगा तथा आवश्यक जानकारी भरकर उसे सबमिट करना होगा। सफल पंजीकरण के पश्चात एक विशेष पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

नगर निगम अल्मोड़ा के नगर आयुक्त ने नगर वासियों से अपील की है कि वे जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!