ग्राम प्रधान संगठन ने दुष्कर्म की घटना पर थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन-घटना पर अनेक संगठनों ने जताया आक्रोश
Almora-दन्यां: ग्राम प्रधान संगठन धौलादेवी ने गैर समुदाय के व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने को लेकर कड़ा विरोध दर्ज किया है। संगठन के अनेक सदस्यों ने थानाध्यक्ष दन्यां से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष सुरेश भट्ट के नेतृत्व में अनेक ग्राम प्रधानों ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में दन्यां में हुई नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसकी वीडियो बनाने की घटना की निंदा करते हुए उचित कार्रवाई करने, बाहरी लोगों का सत्यापन करने और गांवों में बिना ग्राम प्रधान की अनुमति के व्यवसाय करने पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में प्रधान कैलाश पांडे, दिनेश पांडे, रेखा देवी, सुमित साह, कविता साह, विमला देवी, दिनेश चंद्र, नेहा पटवाल, खष्टी पांडे, गिरीश पांडे सहित अनेक ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। क्षेत्र के अनेक जन प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से सत्यापन की कार्रवाई तत्काल करने की मांग की है।

दन्यां में दो दिन पूर्व हुई घटना की कड़ी निंदा करता हूं। दोषी को कठोर सजा मिलनी चाहिए। आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था हासिए पर चली गई है। राजधानी देहरादून में चौदह दिनाें में पांच हत्याएं, हल्द्वानी और काशीपुर में हो रही हत्याएं, हाल में भवाली में दुष्कर्म की घटना और अब दन्यां में ग्रामीण बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। किसी भी प्रकार का सामाजिक सौहार्द खराब भी नहीं होना चाहिए।
-गोविंंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

दुष्कर्म और ब्लैक मेलिंग की घटना की मैं कड़ी निंदा करता हूं। उत्तराखंड पुलिस की तत्परता की सराहना करता हूं। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। यह स्पष्ट संदेश है कि देवभूमि में बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला बख्शा नही जाएगा।
गौरव पांडे, प्रदेश मंत्री भाजपा