मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए कार्यों में तेजी व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में मा० मुख्यमंत्री द्वारा विगत वर्षों में की गई विभिन्न विकासपरक घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु आज कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिनांक 04 जुलाई 2021 से वर्तमान तक की गई सभी घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब कतई स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से पूर्ण किया जाए तथा प्रगति पर चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यों की प्रगति में निरंतरता बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति समय-समय पर निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, ताकि उच्च स्तर पर पारदर्शी एवं सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास कार्य केवल समयबद्ध ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण भी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्यों के निष्पादन में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में समय से अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराएं, जिससे योजनाओं की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिनका जिलाधिकारी द्वारा गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं और कार्यों में अपेक्षित तेजी लाएं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से हो सके। उन्होंने टीम वर्क की भावना के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि समन्वय और जवाबदेही से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति सिर्फ कागज तक ही सीमित न रहे बल्कि धरातल पर दिखाई भी देनी चाहिए। कहा कि विभागीय अधिकारी समय समय पर स्थलीय निरीक्षण करें तथा लगातार कार्यों का अपडेट लेते रहें।
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।